आर्यन स्कूल के दो होनहार जाएंगे पुणे, शौर्य-वंश ठाकुर अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए सिलेक्ट
स्टाफ रिपोर्टर— रोहड़ू
रोहड़ू उपमंडल के कंसाकोटी स्थित आर्यन पब्लिक स्कूल के दो होनहार विद्यार्थियों का अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। विद्यालय के छात्र शौर्य प्रताप सिंह और वंश ठाकुर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। दोनों खिलाडिय़ों का चयन प्रतिष्ठित इंडिया इंटरनेशनल ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 (जी.1) के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 20 से 26 नवंबर तक पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र के दो विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे रोहड़ू क्षेत्र में खुशी की लहर है। सीमित संसाधनों के बीच अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंचने वाले दोनों खिलाडिय़ों ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई मिसाल पेश की है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह उपलब्धि दोनों विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों और शारीरिक विकास को भी विशेष महत्त्व दिया जाता है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढऩे के उचित अवसर मिल सकें। विद्यालय प्रबंधन ने शौर्य प्रताप सिंह और वंश ठाकुर को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों की भी सराहना की। प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
