विधानसभा के बाहर जुटेंगे बेरोजगार कला अध्यापक, आखिर किस शर्त ने रोक रखी है भर्ती
कार्यालय संवाददाता — शिमला
मिडल स्कूलों में कला अध्यापकों की नियुक्ति के लिए 100 विद्यार्थियों की अनिवार्य शर्त अब बेरोजगार ड्राइंग मास्टरों के विरोध का बड़ा मुद्दा बन गया है। सरकार से आश्वासन के बावजूद फैसला न होने से नाराज बेरोजगार कला अध्यापक 18 नवंबर को तपोवन विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में प्रदेश भर के बेरोजगार कला अध्यापक जुटेंगे। सुबह 11 बजे धर्मशाला में एकत्रित होकर कला अध्यापक अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। हिमाचल प्रदेश बेरोजगार कला अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष बलवंत सिंह ने कहा कि संगठन लंबे समय से कला अध्यापकों के रिक्त पद भरने और नियुक्ति प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग उठा रहा है।
इस संबंध में कई बार सरकार को ज्ञापन सौंपे गए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। ऐसे में संघ द्वारा रोष प्रदर्शन किया जाएगा। संघ की पहली और प्रमुख मांग मिडल स्कूलों में कला अध्यापक की नियुक्ति के लिए 100 विद्यार्थियों की शर्त समाप्त करना है। संगठन का कहना है कि इस शर्त के चलते कई स्कूलों में कला अध्यापकों के पद नहीं भरे जा रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
