विकसित भारत के निर्माण में युवा निभाएं अहम भूमिका

By: Nov 6th, 2026 12:53 am

सलूणी कालेज में युवा संवाद में मतदान की ताकत का पढ़ाया पाठ, बताए मताधिकार के महत्त्व
निजी संवाददाता-सलूणी
राजकीय डिग्री कॉलेज सलूणी में गुरुवार को माय भारत चंबा की ओर से ‘विकसित भारत युवा संवाद एवं वोट के लिए जानिए’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान युवाओं को अपने मताधिकार का महत्व समझने, लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

डीएस ठाकुर ने कहा कि युवा राष्ट्र की रीढ़ हैं और सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। युवाओं का उत्साह और देश के प्रति उनका दृष्टिकोण प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी युवाओं से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में जागरूकता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राध्यापक, माय भारत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App