बल्क ड्रग पार्क को 15 दिन में बिजली, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बोले, दो महीने में लैंड अलॉटमेंट शुरू करेगी सरकार
राज्य ब्यूरो प्रमुख — धर्मशाला
विधानसभा में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान ने ऊना जिला के हरोली में बन रहे बल्क ड्रग पार्क को लेकर भी स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि इस पार्क को बनाने में देरी हमारी तरफ से नहीं है, बल्कि एनवायरमेंट क्लियरेंस में लगाई गई नई शर्तों की वजह से हुई। शर्त यह थी कि पार्क के चारों साइड 35 मीटर का ग्रीन कवर होना चाहिए। इस कारण हमें अपनी डीपीआर में भी बदलाव करना पड़ा। इससे पहले कथित भ्रष्टाचार पर जारी चर्चा में पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के शिलान्यास वाले इस प्रोजेक्ट में देरी कर रही है और समय पर टेंडर नहीं हो रहे। जवाब में उद्योग मंत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट को 15 दिन के भीतर बिजली मिल जाएगी।
काम लगभग कंप्लीट हो गया है। दो महीने के भीतर पार्क में लैंड अलॉटमेंट का काम भी शुरू हो जाएगा। प्रोजेक्ट को पानी देने के लिए जल शक्ति विभाग काम कर रहा है, जबकि बिजली के लिए बिजली बोर्ड और ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन मिलकर काम कर रहे हैं। हर्षवर्धन सिंह चौहान ने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर कुछ टेंडर अभी प्रक्रियाधीन हैं और शीतकालीन सत्र के बाद होने वाली हाई पावर कमेटी में इन्हें मंजूरी दी जाएगी। मंत्री ने बताया कि बल्क ड्रग पार्क के लिए 2000 बीघा लैंड को समतल किया जा रहा है और उसके बाद ही प्लॉट आबटन शुरू होंगे।
बिक्रम ठाकुर का आरोप, हिमाचल में नहीं आ रहा निवेश
सदन में पूर्व उद्योग मंत्री और भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि हिमाचल में कोई नया निवेशक नहीं आ रहा है। प्रदेश में औद्योगिक नीति तक नहीं है। हमारी नीति को ही आगे एक्सटेंड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार को लेकर दी गई गारंटियां फेल हैं। बल्क ड्रग पार्क में जानबूझकर देरी की जा रही है। इसके 273 करोड़ के जीरो लिक्विड डिस्चार्ज के टेंडर को लेकर तरह-तरह की चर्चा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
