अकेले ही संवार दिया तालाब
कोलकाता के जाधवपुर की विद्यासागर कालोनी में रहने वाले परिमल धर नाम के शख्स ने अकेले अपने दम पर अपने इलाके के पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए बेहतरीन काम किया है। विद्यासागर कॉलोनी के पंपहाउस के सामने एक बीघा से ज्यादा इलाके में फैले तालाब को साफ कर दिया। यह तालाब स्वतंत्रता से पहले से यहां मौजूद है और पिछले 20 वर्षों से लोग यहां कूड़ा फेंकते थे। लोग अपने घरों का कचरा यहां फेंकते थे और कई बार मरे हुए जानवरों को भी यहां फेंका जाता था। गंदे हो चुके इस तालाब के कारण यहां प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया था। यहां के लोग बदबू और मच्छरों से परेशान रहते थे। इसके बावजूद पर्यावरण की रक्षा के लिए किसी ने कुछ नहीं किया, सिवाय परिमल के। परिमल धर ने अकेल तालाब की सफाई की। स्थानीय पार्षद देबाशीष मुखपाध्याय की मदद से तालाब से 50 डंपर कूड़ा निकाला गया और इसका पूरा खर्च परिमल ने उठाया। इतना ही नहीं, परिमल ने बांस की छडि़यों से बाउंड्री बनाई, तालाब किनारे फुटपाथ बनाया, लाइटें लगाईं। इसके अलावा उन्होंने तालाब किनारे दीवारों पर अलग-अलग देशों के इतिहास और झंडे पेंट किए। परिमल के इस काम के बाद इस तालाब के किनारे लोग शाम की सैर के लिए आने लगे हैं, कूड़ा और प्रदूषण अब पुरानी बात हो गए हैं। तालाब को नया जीवन मिल गया है। परिमल ने बताया कि लपहले वह बहुत गरीब थे, लेकिन अब उनके पास बहुत कुछ है। उनका यह काम पर्यावरण संरक्षण में छोटा-सा योगदान है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App