सात जवान शहीद

By: May 21st, 2018 12:07 am

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों का आईईडी विस्फोट, पुलिस गाड़ी पर निशाना

जगदलपुर— छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में सात पुलिस जवान शहीद हो गए हैं। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट किया था। नक्सल रोधी आपरेशन के डीआईजी सुंदर राज ने इस हमले के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक कुल सात जवान शहीद हो गए हैं और एक घायल है। उस इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया है। ब्लास्ट की तीव्रता काफी ज्यादा हो सकती है। बाकी जानकारी जांच के बाद ही दी जा सकेंगी। दक्षिण बस्तर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक रतन लाल दांगी ने बताया कि किरंदुल चोलनार मार्ग पर सड़क निर्माण का काम प्रगति पर है। श्रमिकों एवं अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स और जिला पुलिस बल का संयुक्त पुलिस बल एक गाड़ी में सवार होकर किरंदुल से कार्यस्थल की ओर रवाना हुआ था कि चोलनार जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट कर दिया। विस्फोट की जद में आकर सात जवान घटनास्थल पर शहीद हो गए। एक घायल जवान का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और जमीन पर दस फुट गहरा गड्ढा बन गया है। नक्सली जवानों के हथियार भी लूटकर ले गए हैं। इस मामले पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि दंतेवाड़ा में आईईडी ब्लास्ट में सात जवानों के मारे जाने की घटना बहुत दुखद है। नक्सलियों ने जवानों से आमने-सामने लड़ने की बजाय आईईडी प्लांट करके उन पर निशाना साधा। उधर, 22 मई को विकास यात्रा के तहत मुख्यमंत्री रमन सिंह कोंटा विधानसभा के दोरनापाल में आम सभा करेंगे। जवान इसी के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने निकले थे, तभी नक्सलियों ने घात लगाकर चोलनार इलाके में एक पुल के पास विस्फोट किया। रमन सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह हमला विकास का विरोध है। नक्सलियों को करारा जवाब मिलेगा।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App