अनुराग के मंत्री बनने पर हिमाचल को लाभ
टौणीदेवी -हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर के मंत्री बनने से पूरे प्रदेश को फायदा होगा। अनुराग ठाकुर पूरे देश के लिए मंत्री बने हैं, इसका लाभ न केवल हमीरपुर जिला को, बल्कि पूरे प्रदेश को लाभ मिलेगा। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने समीरपुर में अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि अनुराग ठाकुर पूरे प्रदेश को एक इकाई मानकर व पूरे देश की सेवा करने का संकल्प लेकर काम करेंगे। बता दें कि मोदी मंत्रिमंडल में अनुराग ठाकुर को केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है। इससे पहले जेपी नड्डा मोदी मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री रहे। जेपी नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं के बीच अनुराग ठाकुर को कैबिनेट मंत्री का पद मिलने की पूरी उम्मीद थी, फिर भी अनुराग को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिलने से लोग खुश हैं। कार्यकर्ता व पदाधिकारी समीरपुर पहुंचकर अनुराग के पिता प्रेम कुमार धूमल को बधाइयां दे रहे हैं। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, प्रदेश कैबिनेट के मंत्रियों, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह, सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने बधाई दी है। पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने कहा कि नरेंद्र मोदी तथा नई कैबिनेट बनने से सबका साथ सबका विकास होगा और लोगों का विश्वास भी मिलेगा। धूमल ने प्रधानमंत्री मोदी सहित सभी मंत्रियों को बधाई दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App