भाजपा का अगला टारगेट मिशन-2022

By: Jun 21st, 2019 12:15 am

कार्यसमिति की बैठक में धर्मशाला-पच्छाद उपचुनाव जीतने का संकल्प

शिमला –लोकसभा चुनाव जीतने के बाद अब प्रदेश भाजपा का अगला टारगेट मिशन-2022 है। शिमला में दो दिन तक चली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के अंतिम दिन हिमाचल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति बनाई गई। गुरुवार सुबह नौ बजे से शुरू हुई बैठक में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में अधिक से अधिक सदस्य पार्टी में शामिल करने पर मंथन हुआ। इसके साथ धर्मशाला और पच्छाद में होने वाले उपचुनाव पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने की, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने पदाधिकारियों को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिवसीय बैठक का मुख्य उद्देश्य गत लोकसभा चुनावों की समीक्षा व भाजपा के सदस्यता अभियान, जिसे संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2019 का नाम दिया है, को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्ययोजना को अंतिम रूप देना है। भाजपा ने इस बार गत अभियान की तुलना में 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा है। आने वाले दिनों में धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव में भी भाजपा जीत दर्ज करेगी। पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश में मिली शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन बधाई के पात्र हैं, जिनके नेतृत्व में भाजपा को यह प्रचंड विजय हासिल हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि ऊंचाई पर पहुंचना आसान है, परंतु ऊंचाई पर बने रहने के लिए मेहनत की आवश्यकता होती है और आज यही स्थिति भाजपा की भी है। इसलिए कार्यकर्ता और नेतृत्व को चाहिए कि वह जनता की आशाओं पर खरा उतरे।

जीत से संतुष्ट होने की जरूरत नहीं

प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि लोकसभा में मिली भारी जीत से संतुष्ट होने की आवश्यकता नहीं है। भाजपा का आगामी लक्ष्य उपचुनाव है और इसके लिए मेहनत करने की आवश्यकता है।

संगठन और वर्कर्ज पार्टी की रीढ़

भाजपा सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय सहप्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि वह भाजपा की रीढ़ उसका संगठन और कार्यकर्ता हैं। भाजपा के लिए सदस्यता अभियान मात्र एक कार्य न होकर एक पर्व है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App