नेशनल चैंपियनशिप में चमका हिमाचल
शिमला – 43वीं अखिल भारतीय सिविल सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में केंद्रीय सचिवालय दिल्ली की टीम विजेता व आरएसबी चेन्नई उपविजेता बनी। वहीं हिमाचल प्रदेश सचिवालय की टीम तीसरे स्थान पर रही। इसी प्रकार महिला वर्ग में आरएसबी जयपुर विजेता, हिमाचल प्रदेश सचिवालय की टीम उपविजेता तथा महाराष्ट्र सिविल सचिवालय की टीम तीसरे स्थान पर रही। राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान शिमला में आयोजित 43वीं अखिल भारतीय सिविल सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का समापन मुख्य सचिव व हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं खेल नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष श्रीकांत बाल्दी ने किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि कबड्डी खेल देश के अन्य प्रदेशों के साथ हिमाचल का पुराना व प्रचलित खेल है। प्रतियोगिता में भारत के लगभग सभी राज्यों के सिविल सचिवालय, केंद्रीय सचिवालय, संघीय क्षेत्रों की लगभग 40 टीमों के 600 खिलाडि़यों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि 40 सालों के अंतराल के बाद इस खेल की मेजबानी करने का अवसर हिमाचल प्रदेश सचिवालय खेल नियंत्रण बोर्ड को मिला है, जो अत्यंत गौरव की बात है। कार्यक्रम में सचिव युवा सेवाएं एवं खेल विभाग पूर्णिमा चौहान, हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजीव शर्मा, राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बलवंत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App