डाक्टर मृत्युंजय को प्रतिष्ठत प्रो. सतीश धवन राज्य पुरस्कार से किया सम्मानित

By: Apr 1st, 2023 12:45 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-मंडी
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी के फैकल्टी डा. मृत्युंजय दोड्डमनी को युवा इंजीनियरों के लिए प्रतिष्ठत प्रो. सतीश धवन राज्य पुरस्कार दिया गया है। यह सम्मान उन्हें इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएससी) बंगलूर स्थित जेएन टाटा ऑडिटोरियम में प्रदान किया गया। यह पुरस्कार कर्नाटक राज्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद (केएससीएसटी), इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी और विज्ञान और प्रौद्योगिकी, कर्नाटक सरकार द्वारा प्रदान किया गया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज एस बोम्मई ने प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को राज्य पुरस्कार प्रदान किए।

इस अवसर पर भारत रत्न प्रो. सीएनआर राव, एफ आरएस, लिनस पॉलिंग रिसर्च प्रोफेसर मानद अध्यक्ष जेएनसीएएसआर और कर्नाटक सरकार के उच्च शिक्षा सूचना प्रौद्योगिकी जैव प्रौद्योगिकी और विज्ञान और प्रौद्योगिकी इलेक्ट्रॉनिक्स कौशल विकास, उद्यमिता और आजीविका मंत्री डा. सीएन अश्वथ नारायण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रो. सतीश धवन पुरस्कार में 1,00,000 रुपए नकद, एक स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र दिए जाते हैं। यह पुरस्कार हर वर्ष 50 वर्ष से कम आयु के इंजीनियरों को इंजीनियरिंग विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। युवा इंजीनियरों के लिए प्रो. सतीश धवन राज्य पुरस्कार इंजीनियरिंग के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण योगदान देने वाले युवा वैज्ञानिकों का विशिष्ट सम्मान है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App