भगवान श्रीराम के रंग में रंगा चंडीगढ़, प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर जश्न का माहौल
धार्मिक संस्थाओं ने शहर में निकाली पदयात्राएं
बड़ी संख्या में महिलाओं ने की शिरकत, प्रभु श्रीराम के जयकारों की गूंज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़
अयोध्या में भगवान श्रीराम के नवनिर्मित भव्य मंदिर में 22 जनवरी को राम लल्ला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चंडीगढ़ में भी जश्न का माहौल है। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ भगवान श्रीराम के रंग में रंगा नजर आ रहा है। शहर की तमाम धार्मिक व अन्य संस्थाएं शहरवासियों को 22 जनवरी को राम लल्ला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जश्न मनाने के लिए पदयात्राएं निकल रही हैं और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रही हैं। इसी कड़ी में सेक्टर 45 में भी शनिवार को इलाके की विभिन्न धार्मिक संस्थाएं, सीनियर सिटीजन एसोसिएशन और अन्य ने घर-घर जाकर अयोध्या से आए पूजा के चावल बांटे और 22 जनवरी को अपने-अपने घरों में दीपमाला करने के लिए जाग्रति की।
इस दौरान सेक्टर 45 की महिला संकीर्तन मंडली की महिलाओं और श्रीराधा वलभ ट्रस्ट, युवा सनातन संगठन के दसयों और बड़ी संख्या में सेक्टर वासियों ने भगवान श्रीराम के जयकारों की बीच पूरे सेक्टर 45 सी में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया और जो लोग अयोध्या नहीं जा सकते उन्हें भगवान श्रीराम की पूजा के लिए चावल भेंट किए। इस पदयात्रा के सेक्टर में लोगों ने बढ़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ जय श्रीराम के जयकारों के बीच स्वागत किया। पदयात्रा के दौरान पंडित विजय शास्त्री, मुकेश शास्त्री, विशाल शर्मा, संजीव कुमार, काका संधू, विकास शर्मा, रमेश बंसल व सुशील जैन सहित रंजू गुप्ता, मनीषा पटियाल, ज्ञान ग्रोवर तथा मीना चड्ढा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस पदयात्रा में शिरकत की और भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App