400 पार का झूठा दावा कर रही भाजपा
शिमला में बोले पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम, तमिलनाडु और केरल में नहीं खुलेगा बीजेपी का खाता
विशेष संवाददाता — शिमला
पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि भाजपा 400 पार का झूठा दावा कर रही है। भाजपा तमिलनाडु में 25 सीट और केरल में 20 सीट पर लड़ रही है। इन सभी सीटों पर भाजपा चुनाव हारने जा रही है। मंलगवार को शिमला पहुंचे कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि जब भाजपा 400 सीटों पर चुनाव ही नहीं लड़ रही है, तो वह इतनी सीटें कहां से जीत पाएगी। उन्होंने कहा
कि भाजपा ने 8500 करोड़ का इलेक्टोरल बांड लिया है। कोई भी दूसरा दल प्रचार और होर्डिंग के मामले में भाजपा की बराबरी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस पार्टी के अकाउंट फ्रीज कर दिए हैं। देश के लोग चुनाव में कांग्रेस पार्टी का सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र ने भाजपा को बचाव मुद्रा में लाकर खड़ा कर दिया है। तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कांग्रेस के घोषणापत्र को समुदाय विशेष का बताना पड़ रहा है।
अब पार्टी के सभी नेता अपने विपक्षियों पर आक्रमण करने की बजाय घोषणापत्र के बचाव में स्पष्टीकरण देने में जुट गए हैं। पी चिदंबरम ने कहा कि देश में सामाजिक, आर्थिक असमानता है। एससी और एसटी वर्ग के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी वर्गों में लोग गरीब हैं।
भाजपा नेताओं को कांगेस के घोषणापत्र से दिक्कत
चिदंबरम के अनुसार घोषणापत्र में कांग्रेस ने कहा है कि हम सभी वर्गों के लोगों के साथ न्याय करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने देश की दूर दराज क्षेत्रों के लोगों का जिक्र किया है। कांग्रेस के घोषणा पत्र से भाजपा को दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणापत्र का शीर्षक ही मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी घोषणापत्र नहीं हो सकता है। चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस घोषणापत्र पर प्रहार करने से पहले प्रधानमंत्री को इसे पढ़ लेना चाहिए था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App