पांवटा साहिब मेंं लव जिहाद पर बवाल, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज, कई लोग जख्मी

By: Jun 14th, 2025 11:37 am

धीरज चोपड़ा—पांवटा साहिब

पांवटा साहिब के माजरा थाना क्षेत्र के तहत लव जिहाद के मामले ने उग्र रूप ले लिया है। देर शाम को प्रदर्शन करते हिंदूवादी संगठन आरोपी युवक के घर के समीप पहुंच गए। यहां दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई। इस दौरान पुलिस ने हिंदूवादी संगठनों पर लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज और पथराव में लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। कई महिलाओं को भी चोटें आई हैं। भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा है कि हिंदू लडक़ी के साथ लवजिहाद और लाठीचार्ज का जवाब देना होगा। युवती के अपहरण मामले में जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के माजरा थाना क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। इस बीच पुलिस को लाठीचार्च करना पड़ा। इलाके में दिनभर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। दरअसल, क्षेत्र की एक युवती के अपहरण मामले के आरोप विशेष समुदाय के युवक पर लगे हैं।

हिंदूवादी संगठनों ने इस मामले में चक्का जाम कर दिया। इस दौरान हिंदूवादी संगठन इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। संगठनों का आरोप है कि यह लव जिहाद का मामला है। देर शाम को हिंदूवादी संगठन फिर से एकत्र हुए। गुस्साई भीड़ जैसे ही युवक के घर की तरफ बढऩे लगी तो दूसरी ओर से भारी पथराव शुरू हो गया। इस बीच दोनों पक्षों में पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस पथराव में 3 पुलिस कर्मियों सहित कई लोगों को चोटें आई हैं। इस दौरान पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। बताया जा रहा है कि ये मामला लव जिहाद से जुड़ा है। लिहाजा मामला कई दिन से तूल पकड़ रहा था। क्षेत्र में फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है। माहौल बिगड़ता देख एसपी सिरमौर निश्चिंत नेगी मौके पर पहुंचे, वहीं भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी भी मौके पर पहुंचे।

क्या है मामला
पूरा मामला 4 जून का है, जब किरतपुर गांव का एक 19 वर्षीय युवक एक स्थानीय पंचायत की युवती को कथित तौर पर भगाकर ले गया। युवती के परिजनों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी न तो आरोपी को पकड़ा जा सका और न ही युवती को बरामद किया गया। स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में ढिलाई बरत रहा है और समुदाय विशेष को संरक्षण दे रहा है। नाराज हिंदू संगठनों ने दो दिन पहले भी प्रदर्शन किया था, जिस पर पुलिस ने दो दिन में युवती को बरामद करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, यह समय सीमा भी निकल जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को माजरा चौक पर बड़ी संख्या में लोग इक_ा हुए और नारेबाजी करते हुए युवती की तत्काल बरामदगी की मांग की।एसपी सिरमौर ने मौके पर स्थिति को संभाला भरोसा दिलाया कि युवती को जल्द से जल्द बरामद कर परिजनों को सौंपा जाए। एसपी सिरमौर नश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने यह भी कहा कि महौल शांत बना रहे इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मौके पर पहुंचे राजीव बिंदल
इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल और पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी भी मौके पर पहुंचे। डॉ राजीव बिंदल ने घटना कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि यह है बेहद निंदनीय दुर्घटना है। हिंदू समाज की एक बेटी को लव जिहाद का शिकार बनाया जाता है और पीडि़त परिवार के न्याय के लिए शांतिपूर्ण मांग कर रहे महिला और पुरुषों पर समुदाय विशेष द्वारा पथराव करता है और पुलिस लाठी चार्ज करती है। उन्होंने कहा कि इस अन्याय के लिए जिम्मेदारों को जवाब देना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App