नए स्वरूप में नजर आएगा नयनादेवी मंदिर का प्राचीन हवनकुंड
पारंपरिक मिश्रण दाल की पीटी, गुड़, बिल गिरी का चूरा और मेथी का हो रहा इस्तेमाल, 4.50 लाख रुपए से हो रहा सौंदर्यीकरण-जीर्णोद्धार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बिलासपुर
श्रीनयनादेवी मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन हवन कुंड अब जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगा। हवन कुंड को अधिक मजबूत, टिकाऊ और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से मंदिर न्यास प्रशासन ने इसका जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य आरंभ कर दिया है। इस कार्य पर 4.50 लाख का बजट खर्च करने का प्रावधान किया गया है। इस कार्य का जिम्मा देश की नामी कंपनी इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हैरिटेज (इंटेक) को मिला है और कंपनी के एक्सपर्ट इस कार्य को पारंपरिक तकनीक से कर रहे हैं।
31 दिसंबर तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस कार्य में न सीमेंट और न ही किसी केमिकल का प्रयोग किया जा रहा है बल्कि चूना, माह की दाल की पीठी, बिल गिरी का चूरा और मैथी इत्यादि पारंपरिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है जिससे यह हवनकुंड मजबूत एवं अधिक टिकाऊ बनेगा और अगले 50 वर्ष तक कोई भी खतरा नहीं होगा यानी खराब नहीं होगा। यह हवनकुंड लगभग 1500 से 1800 वर्ष पुराना है। मंदिर न्यास प्रशासन ने इसके सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार का निर्णय लिया है जिसके लिए इंटेक कंपनी से टाईअप किया गया और कंपनी की विशेषज्ञ टीम ने मां नयनादेवी का विजिट कर विस्तृत सर्वेक्षण किया और डीपीआर तैयार कर मंदिर प्रशासन को सौंपी, जिसके बाद कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई।
शक्तिपीठ श्रीनयनादेवी के परिसर को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए कई विकास कार्य प्रगति पर हैं। हवन कुंड और लक्ष्मी नारायण मंदिर का सौंदर्यीकरण इन्हीं योजनाओं का हिस्सा है। पारंपरिक तकनीक से हवनकुंड का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार किया जा रहा है और यह कार्य 31 दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
धर्मपाल चौधरी, एसडीएम एवं अध्यक्ष मंदिर न्यास श्रीनयनादेवी
पारंपरिक तकनीक से हो रहा हवनकुंड का जीर्णोद्धार
एसडीएम धर्मपाल चौधरी के अनुसार प्राचीन हवनकुंड को मजबूत बनाने के लिए सीमेंट या केमिकल का उपयोग नहीं किया जा रहा है। इसके स्थान पर परंपरागत मिश्रण जैसे माह की दाल की पीठी, बिल गिरी का चूरा, चूना और मैथी इत्यादि का इस्तेमाल कर बनाया जा रहा है।
लक्ष्मी नारायण मंदिर का मार्बल भी बदलेगा
एसडीएम धर्मपाल चौधरी के अनुसार मंदिर परिसर में स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर का पुराना मार्बल भी बदला जाएगा। इसके लिए राजस्थान की नामी फर्म से उच्च गुणवत्ता का मार्बल मंगवाया जा रहा है। इस कार्य पर 25 लाख के बजट को खर्च करने का प्रावधान है। जल्द ही यह कार्य भी शुरू करवाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
