घुमारवीं अस्पताल ने चूमा नया मुकाम
अस्पताल में पहली बार सफल सिजेरियन प्रसव, मंत्री राजेश धर्माणी ने चिकित्सकों की टीम को दी बधाई
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
घुमारवीं सिविल अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। अस्पताल के इतिहास में पहली बार सिजेरियन प्रसव (सीसेक्शन) सफलतापूर्वक करवाया गया है। विशेष बात यह रही कि पहले ही दिन दो अत्यंत जटिल प्रसव मामलों को चिकित्सा दल ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ पूरा कर माताओं और नवजात शिशुओं को सुरक्षित जीवन प्रदान किया। अस्पताल में यह उपलब्धि डॉ. अनुपम शर्मा, डॉ. अभिनव गौतम, तकनीकी स्टाफ उमेश, पूजा, एनेस्थीसिया के डॉ. दीपक, अंकुश तथा वार्ड स्टाफ सीता और रमा की उत्कृष्ट टीमवर्क का परिणाम है। टीम ने अत्यंत संवेदनशील प्रक्रियाओं को गति, सूझबूझ और कुशलता के साथ अंजाम दिया, जिससे दोनों प्रसूता महिलाएं और उनके बच्चे पूर्णत: स्वस्थ हैं। जिन दो महिलाओं का सफलतापूर्वक सिजेरियन प्रसव करवाया गया, उनमें टकरेड़ा की वह महिला शामिल है, जो 19 वर्षों बाद गर्भवती हुई थी, जिसका मामला अत्यंत संवेदनशील था।
वहीं दूसरी महिला जोल कुठेड़ा की निवासी हैं, जिनके पेट में रसौली पाए जाने के चलते उनका प्रसव अत्यधिक जटिल था। इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाने में मंत्री राजेश धर्माणी का विशेष योगदान रहा। उनके दिशा-निर्देश पर मोर्टल लैबोरेट्रीज द्वारा ऑपरेशन के लिए सभी आवश्यक अत्याधुनिक उपकरण स्पॉन्सर किए गए, जिससे अस्पताल को काफी सहायता मिली। उधर, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने इस ऐतिहासिक सफलता पर संपूर्ण चिकित्सा दल को बधाई दी है। उधर, बीएमओ घुमारवीं डॉ. अनुपम शर्मा ने बताया कि घुमारवीं अस्पताल में पहली दफा दो महिलाओं सफल सिजेरियन प्रसव करवाया गया है। इसके लिए अस्पताल स्टाफ सदस्य बधाई के पात्र हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
