अब देवीनगर में बेलगाम टिप्पर ने दो मकानों की दीवारें तोड़ीं, ड्राइवर फरार

By: Jul 8th, 2026 12:02 am

देर रात तेज रफ्तार और गलत दिशा में घुसे टिप्पर से बाल-बाल बचा परिवार

कार्यालय संवाददाता—पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में ओवरलोड और बेलगाम दौड़ रहे टिप्परों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर रात देवीनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार टिप्पर ने गलत दिशा में घुसकर दो मकानों की दीवारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टिप्पर विश्वकर्मा मंदिर की ओर से तेज गति से आया और गलत दिशा में देवीनगर की ओर मुड़ गया। नियंत्रण खोने के कारण वाहन दो मकानों की दीवारों से जा टकराया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। यदि हादसा दिन के समय होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

मंगलवार सुबह क्षतिग्रस्त दीवारें और मलबा देखकर स्थानीय लोग दंग रह गए। लोगों का कहना है कि पांवटा साहिब में लंबे समय से ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना और नियमों की अनदेखी आम बात हो गई है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले छह महीनों में टिप्परों की लापरवाही के कारण पांवटा, माजरा, पुरुवाला और बद्रीपुर क्षेत्र में कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। घटना के बाद देवीनगर के लोगों ने शहर में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक टिप्परों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, प्रमुख चौकों पर सीसीटीवी कैमरे और स्पीड गन लगाने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों के लाइसेंस रद्द करने की मांग उठाई। उधर, पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मामले में चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जाएगी। पुलिस नियमित रूप से टिप्परों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App