भूस्खलन से सडक़ें धंसीं, सात पेड़ गिरे

By: Jul 11th, 2026 12:49 am

माठू कॉलोनी में फिर दरकी पहाड़ी
कुफ्टाधार का एकमात्र संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त, लोगों से सतर्क रहने की सलाह
कार्यालय संवाददाता-शिमला
राजधानी शिमला में शुक्रवार को सुबह से रुक-रुक कर हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। लगातार वर्षा के कारण शहर में कई स्थानों पर भूस्खलन, सडक़ धंसने और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। भट्टाकुफर की माठू कॉलोनी चमियाणा अस्पताल मार्ग में फिर से पहाड़ी दरक गई। यह वही संवेदनशील क्षेत्र है, जहां पिछले वर्ष भूस्खलन से मकान गिरा था और बाद में एनएचएआई ने सर्वे भी कराया था। उधर, वार्ड नंबर-2 के मिनी कुफ्टाधार को जाने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग लगातार बारिश और पहले की गई खोदाई के कारण ढह गया। सडक़ धंसने से क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हो गया है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि इसी मार्ग के पास स्थित आईपीएच के पानी के टैंक पर भी खतरा मंडराने लगा है। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। बारिश के दौरान पूरे शहर में सात पेड़ गिरने की घटनाएं भी दर्ज की गईं। इनमें बेनमोर वार्ड में तीन, लोअर ढली क्षेत्र में दो तथा कुफ्टाधार में दो पेड़ गिर गए। हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है, लेकिन कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। शहर की सडक़ों पर फिसलन और कुछ इलाकों में जलभराव के कारण कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को भी परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक शिमला सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

भारी बारिश से शिमला में 215 सडक़ें बंद, 183 बहाल
शिमला। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच शुक्रवार को हुई भारी बारिश का असर शिमला जिला की ग्रामीण सडक़ों पर पड़ा। बारिश के कारण जिले की 215 सडकें और पांच मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (एमडीआर) प्रभावित हो गए। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 183 सडक़ें और पांचों एमडीआर पर यातायात बहाल कर दिया है। शेष 32 सडक़ों को अगले दो दिनों में खोलने का लक्ष्य रखा है। गुरुवार देर रात शुरू हुई बारिश शुक्रवार दोपहर तक जारी रही। इसके चलते शिमला सर्कल में 20, रामपुर में 64 और रोहड़ू सर्कल में 131 ग्रामीण सडक़ें बंद हो गई थीं। विभाग ने सर्कल और डिवीजन स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर सडक़ बंद और बहाली की जानकारी नियमित रूप से मुख्यालय भेजी। लोक निर्माण विभाग के अनुसार रोहड़ू सर्कल की सभी सडक़ें खोल दी गई हैं। वहीं, शिमला और रामपुर सर्कल की 19 सडक़ें शनिवार तक तथा शेष 17 सडक़ें रविवार तक बहाल करने का लक्ष्य रखा है। विभाग का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही जल्द सामान्य बनाने के लिए मशीनरी और कर्मचारियों को लगातार तैनात किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App