टूटीकंडी वार्ड को मिली चार सडक़ों की सौगात

By: Jul 11th, 2026 12:50 am

विधायक हरीश जनारथा ने किया उद्घाटन, अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरीश जनारथा ने शुक्रवार को टूटीकंडी वार्ड-10 में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर चार सडक़ों की शिलान्यास पट्टिकाओं का उद्घाटन किया। इन सडक़ों के निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति और धनराशि विधायक के विशेष प्रयासों से उपलब्ध करवाई गई है। टूटीकंडी वार्ड की पार्षद एवं उपमहापौर उमा कौशल तथा शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष आनंद कौशल के आमंत्रण पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर सुरेंद्र चौहान भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों का जायजा लेते हुए इनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर दिया। इस दौरान चरण मेहता कॉलोनी, धोबी घाट, मंगरू कॉटेज और शांडिल निवास सडक़ की शिलान्यास पट्टिकाओं का उद्घाटन किया गया। विधायक ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनहितकारी सोच के अनुरूप शिमला शहरी में सडक़, पेयजल, बिजली सहित सभी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है और जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जा रहा है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि इन सडक़ों के बनने से स्थानीय लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। उपमहापौर उमा कौशल और कांग्रेस अध्यक्ष आनंद कौशल ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर विधायक का आभार जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और विधायक का स्वागत करते हुए लंबित मांगों को पूरा करने के लिए धन्यवाद किया। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App