तालाब में मछलियों के मरने से फैली दुर्गंध
पंचायत गोंदपुर बनेहड़ा महात्मा के तालाब में लगातार मर रहीं मछलियां
निजी संवाददाता-गोंदपुर बनेहड़ा
गगरेट क्षेत्र की तहसील घनारी के अंतर्गत आने ग्राम पंचायत गोंदपुर बनेहड़ा में स्थित महात्मा के तालाब में लगातार मर रही मछलियों ने पूरे क्षेत्र को चिंता में डाल दिया है। मछलियों के मरने का कारण ऑक्सीजन की कमी बताया जा रहा है। तालाब क्षेत्र के आसपास फैली दुर्गंध के कारण आसपास के घरों में रहना मुश्किल होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह स्थिति गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है। क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने तालाब में मछलियां डालने जाने के निर्णय पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे पूरी तरह अनुचित बताया है। उनका कहना है कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले इस तालाब की गरिमा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसका खामियाजा दुर्गंध युक्त वातावरण के चलते क्षेत्र भुगत रहा है। लोगों का आरोप है कि बिना दूरगामी परिणामों पर विचार किए गए इस फैसले ने तालाब को दुर्गंध और गन्दगी का केंद्र बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़ती हुई मछलियों से वातावरण दूषित हो रहा है और यदि इन्हें तुरंत नहीं हटाया गया तो संक्रमण फैलेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

