11 किलो भुक्की के साथ तस्कर गिरफ्तार

By: Jul 11th, 2026 12:48 am

चिट्टा बरामदगी के अगले ही दिन बद्दी पुलिस की एक और बड़ी कार्रवाई, केस दर्ज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
नशा तस्करों के खिलाफ लगातार आक्रामक अभियान चला रही बद्दी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 11.660 किलोग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को पुलिस थाना बद्दी की टीम ने न्यू बस स्टैंड के पीछे स्थित ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान एक महिंद्रा जीतो वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 11.660 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी गुरचरण सिंह पुत्र राम प्याराए निवासी गांव टीनपट्टा, डाकघर साई, तहसील बद्दी, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद भुक्की कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहलेए 8 जुलाई को स्पेशल सैल-एक्स और पुलिस थाना बद्दी की संयुक्त टीम ने दावत चौक क्षेत्र में एक किराए के कमरे पर दबिश देकर 39-90 ग्राम चिट्टा बरामद किया था और एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। लगातार दो दिनों में हुई इन बड़ी कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि बद्दी पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध अपना अभियान और अधिक तेज कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App