पेंशनरों ने उठाई लंबित डीए और एरियर भुगतान की मांग

By: Jul 11th, 2026 12:49 am

पंजैहरा में वेल्फेयर एसोसिएशन की बैठक, जीवन प्रमाणपत्र की ऑफलाइन सुविधा जारी रखने का भी आग्रह
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-पंजैहरा
पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक वेल्फेयर एसोसिएशन, उपतहसील पंजैहरा की मासिक बैठक शुक्रवार को प्रधान दाता राम पोसवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों पर चर्चा करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सरकार से लंबित महंगाई भत्ता तथा डीए एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई। इसके साथ ही जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की ऑनलाइन व्यवस्था के साथ-साथ ऑफलाइन सुविधा भी जारी रखने तथा इसे पंचायत स्तर पर जमा करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गयाए ताकि वरिष्ठ नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। एसोसिएशन ने सरकार से 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान के एरियर का जल्द भुगतान करने की मांग भी दोहराई।

65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनरों को मिलने वाले क्रमश: 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त भत्ते को मूल पेंशन में शामिल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। बैठक में उपतहसील पंजैहरा इकाई को राज्य एवं जिला इकाई द्वारा मान्यता प्रदान किए जाने पर दोनों इकाइयों का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार फरीद मुहम्मद, सुषमा बस्सी तथा चरणो देवी ने एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण की, जिनका सदस्यों ने स्वागत किया। बैठक में ठाकुर सिंह, जगतार सिंह रनोट, दलीप चौधरी, हुक्म सिंह राणा, जगत राम चौधरी, बचित्र सिंह, निर्मला देवी, अमर चंद चोपड़ा, अश्वनी गौतम, मदन लाल कौंडल, हरपाल सिंह, गुलजार सिंह तथा परमिंदर सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App