बारिश से सोलन के वार्डों में बढ़ीं मुश्किलें, राहत कार्यों में जुटे पार्षद
निजी संवाददाता-सोलन
मूसलाधार बारिश ने सोलन शहर के विभिन्न वार्डों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई स्थानों पर भूस्खलन, डंगे गिरने और घरों में पानी घुसने की घटनाओं के बाद नगर निगम के पार्षद अपने-अपने वार्डों में सक्रिय होकर प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों से राहत एवं मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की। वार्ड-12 में सीजीएम कोर्ट से भगवान दास विला के सामने भारी बारिश के कारण डंगा गिरने से सडक़ को गंभीर नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा के मद्देनजर सनी साइड से कोर्ट तक बड़े वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
वार्ड पार्षद प्रियंका अग्रवाल ने नगर निगम अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त डंगे की जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उधर, वार्ड-4 के समर विहार कॉलोनी में कई घरों में पानी घुसने की सूचना पर पार्षद रोहित भारद्वाज मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर जल निकासी और राहत कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं, वार्ड-17 की पार्षद अरुण ठाकुर ने भी भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा प्रशासन से सुरक्षा उपायों और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने की मांग की। लगातार बारिश के बीच नगर निगम के जनप्रतिनिधि राहत कार्यों की निगरानी में जुटे हुए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

