36 घंटे की बारिश से सोलन बेहाल, 10 सडक़ें बंद

By: Jul 11th, 2026 12:45 am

लोक निर्माण विभाग को साढ़े छह करोड़ की चपत, सडक़ें बहाल करने में जुटीं विभागीय टीम
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
बरसात के इस मौसम की इस पहली बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। आलम यह है कि गुरुवार सुबह हुई बारिश का क्रम शुक्रवार को भी जारी रहा। इस 36 घंटे से ज्यादा की बारिश के चलते जिला के विभिन्न हिस्सों में 10 मार्ग बंद हुए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं, मार्गों के बंद होने का असर बस रूटों पर भी पड़ा है। भारी बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग को भी खासी चपत लगी है और बरसात के इस सीजन के आरंभ ही अब तक विभाग को साढ़े 6 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हो गया है। करीब 36 घंटे तक लगभग लगातार जारी बारिश ने अपना असली रंग दिखाया। इस लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश से जिला के 10 मार्ग अवरूद्ध हुए, जिन्हें बहाल करने के लिए दिनभर विभाग की टीमें मशीनरी के साथ डटी रहीं और इन्हें खोलने का कार्य जारी रहा। कहीं डंगा गिरने, कहीं भूस्खलन होने या फिर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। इस बारिश का सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को झेलना पड़ा है और अब तक के आंकड़ों के अनुसार इस बरसात के सीजन में विभाग को 6 करोड़ 67 लाख 10 हजार की चपत लग चुकी है।

सबसे अधिक नुकसान अर्की मंडल को
बरसात के इस सीजन में लोक निर्माण के चारों मंडलों में से 3 मंडलों को अच्छा खासा नुकसान विभाग को झेलना पड़ा है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक नुकसान अर्की मंडल में हुआ है और बहरहाल कसौली मंडल में नुकसान नहीं हुआ है। सोलन मंडल की बात करें तो विभाग को 36 लाख का नुकसान हुआ और इस दौरान 10 मार्ग अवरूद्ध हुए हैं। अर्की मंडल में नुकसान का आंकड़ा 4 करोड़ 58 लाख 60 हजार तक पहुंच गया। नालागढ़ मंडल में नुकसान का आंकड़ा 1 करोड़ 72 लाख 50 हजार तक पहुंच गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App