लगातार बारिश से उफान पर यमुना पांवटा प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में पिछले 48 घंटे से जारी लगातार बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। प्रशासन के अनुसार नदी का जलस्तर करीब तीन से चार फीट तक बढ़ चुका है, जिससे तटवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने गोताखोरों को तैनात कर दिया है और नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कर लोगों से नदी के पास न जाने तथा बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की है। एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि जलस्तर और बढ़ता है तो निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।
सभी संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। यमुना किनारे बसे बहराल, नवादा और कुंजा मतरालियों सहित अन्य गांवों पर प्रशासन विशेष नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों ने तटबंध मजबूत करने और राहत सामग्री पहले से उपलब्ध कराने की मांग की है। उधर, यमुना की सहायक नदियों बाता और गिरि का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और खराब मौसम में अनावश्यक पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा न करने की अपील की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

