भूरपुर में एसडीएम ने किया मौके का निरीक्षण
मूसलाधार बारिश से पांवटा के वार्ड-2 में लोगों के घरों और दुकानों घुसा पानी
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में लगातार हो रही बरसात के कारण वार्ड-2 भूपपुर में लोगों के घरों और दुकानों में बरसाती पानी घुसने की समस्या सामने आई है। इस दौरान एसडीएम द्विज गोयल ने शुक्रवार को मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एनएच विभाग के एसडीओ सूरत पुंडीर, नगर परिषद की चेयरमैन निर्मल कौर और नगर परिषद के कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस दौरान एसडीएम द्विज गोयल ने जलभराव वाले क्षेत्र का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से समस्या के बारे में जानकारी ली।
एसडीएम द्विज गोयल ने एनएच विभाग और नगर परिषद को संयुक्त रूप से जलभराव की समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो यह प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान एनएच विभाग द्वारा अपनी जेसीबी मशीन से ड्रेनेज को साफ करने का आश्वासन दिया गया। विभाग ने कहा कि फिलहाल अस्थायी तौर पर ड्रेनेज साफ की जाएगी और बरसात के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने एसडीएम के त्वरित संज्ञान लेने पर प्रशासन का आभार जताया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

