सडक़-रास्ते के किनारे कूड़ा फेंका, तो 500 रुपए जुर्माना
ग्राम पंचायत कुठेड़ा मरहाणा में पहली ग्राम सभा में लिया निर्णय, विकास कार्यों पर की चर्चा
निजी संवाददाता-भराड़ी
उपतहसील भराड़ी की ग्राम पंचायत कुठेड़ा मरहाणा में पहली ग्राम सभा का आयोजन ग्राम पंचायत प्रधान नीलम शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस नई पंचायत की पहली ग्राम सभा का कोरम बड़े हर्षोल्लास के साथ पूरा हुआ। ग्राम पंचायत प्रधान नीलम शर्मा, उप प्रधान मदन धीमान, बीडीसी सदस्य नीलम ठाकुर और अन्य सदस्यों सहित व अन्य लोगों ने अपने-अपने विचार रखें । ग्राम पंचायत भवन के लिए भ्योल गांव के चुनीलाल ने अपनी निजी भूमि में सरकार के मापदंड के अनुसार जितनी जमीन चाहिए उतनी देने के प्रार्थना पत्र दिया। जिस के लिए सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने चुन्नीलाल का धन्यवाद किया और समस्त पंचायत की जनता को बधाई दी कि इस नई पंचायत का पहले कोरम का पूरा होना और पहली ही ग्राम सभा में पंचायत भवन के लिए जमीन का होना बहुत ही बड़ी बात है।
ग्राम सभा में नशा निवारण, कूड़ा के निष्पादन और ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के बारे में विशेष रूप से चर्चा व विचार विमर्श किया गया। सर्व सम्मति से किन्नरों को बधाई में ज्यादा से ज्यादा 2100 रुपए देने की बात को मंजूरी दी गई और कूड़े को नाले या सडक़ व रास्तों के किनारे फेंकने पर 500 रुपए जुर्माना किया जाएगा। यदि कोई बार बार कूड़ा फेंकता हुआ पकड़ा गया तो उसके साथ उचित कार्रवाई की जाएगी। पंचायत के विकास कार्यों को सभी मिलजुल कर करेंगे और पंचायत को विकास की गति देने में सभी अपना-अपना सहयोग करेंगे । इस मौके पर पूर्व बीडीसी अध्यक्ष दिनेश शर्मा, बीडीसी सदस्य नीलम ठाकुर, उप प्रधान मदन धीमान, सचिव इंद्रजीत सिंह, सह सचिव कांता देवी मौजूद रहीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

