औहर-समोह-हीरापुर संपर्क मार्ग बना तालाब
पहली बारिश में खुली सडक़ की पोल, ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी से जल्द मांगा समस्या का समाधान
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
बरसात की पहली ही बारिश ने औहर-समोह बाया हीरापुर शहीद राजेश कुमार चंदेल संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति उजागर कर दी है। सडक़ के एक बड़े हिस्से में पानी भर जाने से यह मार्ग तालाब में तबदील हो गया, जिससे वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।गत दिवस हुई बारिश के बाद सडक़ पर पानी इतना अधिक भर गया कि छोटे बच्चों के लिए पैदल स्कूल जाना जोखिम भरा हो गया। ऐसे में स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहनों से बच्चों को पानी से भरे हिस्से को पार करवाकर आगे पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के दौरान किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासियों ओंकार चंद, छोटा राम, प्रेमलाल, राजेश कुमार, सोहनलाल, कश्मीर चंद व रंजीत सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सडक़ पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बरसात के पूरे मौसम में लोगों को राहत मिल सके। उधर, ग्राम पंचायत हीरापुर के उपप्रधान प्रताप ठाकुर ने बताया कि पंचायत की ओर से इस समस्या की जानकारी लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों को पहले ही दे दी गई है। विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि हल नहीं हुआ तो ग्रामीण जोरदार प्रदर्शन करेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

