नादौन में कुत्ते ने काटे 12 लोग

By: Jul 11th, 2026 12:48 am

शहर में खूंखार कुत्ते का खौफ, हमला कर गायब हो जाता है पागल कुत्ता
कार्यालय संवाददाता – नादौन
नादौन शहर में घूम रहे पागल कुत्ते के आतंक से शहरवासी बुरी तरह सहमे हुए हैं। इस कुत्ते ने दो दिनों में करीब 12 लोगों को निशाना बनाया है, जिनमें से आधकांश स्कूली बच्चे हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि बुरी तरह से घायल दो बच्चों की सर्जरी हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में करवाई गई है। हालांकि दो दिनों से नगर परिषद के कर्मचारी इस कुत्ते को ढूंढने में लगे हैं, परंतु अभी तक भी यह कुत्ता पकड़ में नहीं आया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस कुत्ते के गले में पट्टा पड़ा है, जिससे लग रहा है कि यह किसी का पालतू है। इसके शिकार हुए बच्चों में से अधिकांश बच्चों को इसने बुरी तरह काटा है, जिससे उनके शरीर पर गहरे घाव हुए हैं। नादौन बस अड्डा के निकट शहर के बीचोंबीच जैन चौक तथा पत्तन बाजार के आस-पास इसने लोगों तथा बच्चों को अपना शिकार बनाया है। लोगों ने बताया कि हमला करने के बाद यह अचानक गायब हो जाता है और फिर अचानक कहीं से निकल कर आकर हमला कर दे रहा है। गुरुवार रात 11 बजे तक स्थानीय युवा इसे ढूंढते रहे, परंतु यह कहीं नहीं मिला। इस कुत्ते के आतंक से हर शहरवासी सहमा हुआ है।

बच्चों को अकेले बाहर न भेजें
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रमन कुमार ने बताया कि स्वच्छता प्रभारी अक्षित सोनी की देखरेख में परिषद के कर्मचारी लगातार इस कुत्ते को ढूंढ रहे हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि कुत्ते को देखते ही तुरंत इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि जब तक इसे पकड़ा नहीं जाता तब तक सावधानी बरतें तथा बच्चों को अकेले
बाहर न भेजें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App