छोटे बाजार में बड़े शहरों वाला जाम, लोग बेहाल

By: Jul 11th, 2026 12:50 am

जाम के जाल में फंसा अवाहदेवी बाजार, वाहनों की कतारों ने रोक दी बाजार की चाल
निजी संवाददाता – अवाहदेवी
अवाहदेवी बाजार में इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सडक़ किनारे आड़ी-तिरछी खड़े वाहनों और बाजार के बीचों-बीच हो रही सामान की लोडिंग-अनलोडिंग के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। हालात ऐसे हैं कि छोटे से बाजार में भी दिल्ली-मुंबई जैसे ट्रैफिक जाम के दृश्य देखने को मिल रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं, मरीजों और अस्पताल जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। कई बार वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन चालक बिना किसी डर के सडक़ पर ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं। वहीं कई व्यापारी बाजार के मुख्य मार्ग पर ही सामान की लोडिंग और अनलोडिंग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था लागू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

जाम से मुक्ति दिलाने की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने पुलिस थाना सरकाघाट और प्रशासन से अवाहदेवी बाजार में नियमित ट्रैफिक नियंत्रण, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई तथा लोडिंग-अनलोडिंग के लिए निर्धारित समय तय करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। वहीं एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के अधिकारियों का कहना है कि अवाहदेवी बाइपास का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App