महंगाई ने फीका किया फलों का स्वाद
हमीरपुर शहर में 100 रुपए किलोग्राम बिक रहा अचारी आम, कम पैदावार की वजह से बढ़े आम के दाम
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
जिला में फलों के दामों में अचानक वृद्धि से आम जनता पर महंगाई की मार पड़ गई है। लगभग सभी फलों के दामों में वृद्धि दर्ज हुई है। यहां तक की आम के दाम भी बढ़ गए हैं। आम के दाम बढऩे का कारण कम फसल माना जा रहा है। हमीरपुर जिला में तो आलम यह है कि अचार के लिए भी आम नहीं मिल पा रहे। शहर में अचारी आम 100 रुपए किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अकसर आम की अच्छी फसल होती है, लेकिन इस बार आम की फसल नाममात्र ही है। अधिकांश आम के पेड़ बिना फलों के ही हैं। यही वजह है कि शहर में अचारी आम बिक रहा है तथा लोग इसकी खरीद कर रहे हैं। महंगाई की वजह से न सिर्फ जनता परेशान है बल्कि दुकानदारों को भी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। बढ़े दामों की वजह से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। जानकारी के अनुसार सेब के दाम में अचानक वृद्धि हुई है। नॉर्मल सेब के दाम में 50 रुपए की बढ़ौतरी के साथ 250 रुपए किलोग्राम तक पहुंच गए हैं। पहले नॉर्मल सेब के दाम 200 रुपए किलोग्राम थे। वहीं इंपोर्टेड सेब 350 रुपए किलोग्राम की दर से बिक रहा है। यदि बात आम की करें तो इसके दाम 80 रुपए से लेकर 200 रुपए किलोग्राम तक हैं। अचारी आम के दाम 100 रुपए किलोग्राम है। आम की फसल कम होने की वजह से अचारी आम बाजारों में बिक रहा है।
केला-लीची के दाम और चढ़े
केले के दामों में भी अचानक बढ़ौतरी हुई है। पहले 60 से 70 रुपए तक बिकने वाली केले की दर्जन अब 100 रुपए हो गई है। लीची के दामों में भी 100 रुपए का इजाफा हुआ है। पहले लीची 200 रुपए किलोग्राम बिक रही थी, लेकिन अब इसके दाम 300 रुपए किलोग्राम हो गए हैं।
सिर्फ जामुन ने दी थोड़ी राहत
यदि बात अमरूद की करें तो इसके दाम भी बढ़ गए हैं। पहले 100 फिर 120 तथा उसके उपरांत 150 रुपए प्रतिकिलोग्राम बिकने वाले अमरूद के दाम अब 200 रुपए किलोग्राम हो गए हैं। हालांकि जामुन के दामों ने लोगों को राहत जरूर पहुंचाई है। शुरूआत चरण में जामुन 300 रुपए किलोग्राम की दर से बिक रहा था, जोकि अब 200 रुपए किलोग्राम की दर से बेचा जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

