कीड़े ने मचाई तबाही… खेतों में मक्की खराब
सुजानपुर में मक्की की फसल पर फॉल आर्मी वर्म का हमला
सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
विकास खंड सुजानपुर में मक्की की फसल पर फॉल आर्मीवर्म नामक खतरनाक कीट का प्रकोप किसानों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा किए गए सर्वेक्षण के अनुसार विकास खंड में कुल 3800 हेक्टेयर क्षेत्र में मक्की की खेती की जाती है, जिसमें से 395.2 हेक्टेयर 10.4 प्रतिशत क्षेत्र इस कीट की चपेट में आ चुका है। विभाग का कहना है कि फिलहाल यह प्रकोप अलग-अलग स्थानों पर पैच के रूप में देखा गया है, लेकिन यदि समय रहते उचित नियंत्रण नहीं किया गया तो यह तेजी से फैलकर भारी नुकसान पहुंचा सकता है। डॉ. अरविंद चहल, विषय विशेषज्ञ कृषि विकास खंड सुजानपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि फॉल आर्मी वर्म का लार्वा मक्की की फसल को कई चरणों में नुकसान पहुंचाता है। यदि शुरुआती अवस्था में ही कीट को नियंत्रित कर लिया जाए तो फसल को बड़े नुकसान से बचाया जा सकता है। कृषि विभाग ने सलाह दी है कि 20 दिन तक की मक्की की फसल में कोराजेन 18.5 एससी की 0.4 मिली प्रति लीटर पानी अथवा एमामेक्टिन बेंजोएट 5 एसजी की 0.4 ग्राम प्रति लीटर पानी के हिसाब से घोल बनाकर लगभग 120 लीटर पानी प्रति एकड़ की मात्रा में छिडक़ाव करें। छिडक़ाव करते समय दवा की धार सीधे पौधे के बीच वाले हिस्से तक पहुंचनी चाहिए, ताकि कीट का प्रभावी नियंत्रण हो सके।
डाक्टर चहल ने बताया अचूक नुस्खा
डा. चहल ने बताया कि यदि फसल लगभग 40 दिन की हो चुकी है और कीट का प्रकोप कुछ स्थानों तक सीमित है, तो संक्रमित पौधों की व्हॉर्ल में मिट्टी और कीटनाशक का मिश्रण डालना अधिक प्रभावी रहेगा। इसके लिए पांच मिली कोराजेन या पांच ग्राम एमामेक्टिन बेंजोएट को 10 मिली पानी में मिलाकर एक किलोग्राम मिट्टी के साथ अच्छी तरह मिश्रित कर संक्रमित पौधों में डालने की सलाह दी गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

