शेयर बाजारों में पांच दिन बाद लौटी तेजी, सेंसेक्स एक फीसदी चढ़ा

By: Jul 27th, 2026 5:59 pm

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह लगातार पांच दिन की गिरावट के बाद सोमवार को रौनक लौट आयी और प्रमुख सूचकांक करीब एक प्रतिशत ऊपर बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 776.01 अंक (1.02 प्रतिशत) चढ़कर 76,835.78 अंक पर पहुंच गया। पिछले सप्ताह इसमें 2,091 अंक की गिरावट दर्ज की गयी थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 228.50 अंक (0.96 प्रतिशत) की बढ़त में 23,995.95 अंक पर रहा। पिछले सप्ताह पांच दिन में यह 566.85 अंक लुढ़क गया था।

अमरीका ने शांति वार्ता की गुंजाइश बनाने के लिए ईरान पर हमले रोकने की घोषणा की है। इससे दुनिया भर में शेयर बाजारों में आज तेजी रही। घरेलू स्तर पर प्रमुख सूचकांकों के अलावा निवेशकों ने वृहत बाजार में भी पैसा लगाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.28 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.31 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। चौतरफा लिवाली के बीच सभी सेक्टरों में तेजी रही। आईटी, मीडिया और रियल्टी सेक्टरों के सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। ऑटो, एफएमसीजी, फार्मा, स्वास्थ्य और रसायन समूहों के सूचकांक भी एक से दो प्रतिशत तक मजूबत हुए।

एनएसई में जिन 3,446 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,259 के शेयर हरे निशान में और 1,071 के लाल निशान में रहे अन्य 116 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 28 के शेयर बढ़त में रहे। इटरनल का शेयर 5.63 प्रतिशत उछल गया। इंडिगो में 4.94 फीसदी, इंफोसिस में 3.66, बजाज फाइनेंस में 3.50, एशियन पेंट्स में 2.72, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.48, बजाज फिनसर्व में 2.02 और मारुति सुजुकी में दो प्रतिशत की तेजी देखी गयी।

एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.98 प्रतिशत , टीसीएस का 1.83 , सन फार्मा का 1.67, ट्रेंट का 1.65, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.40, टाइटन का 1.23 और एनटीपीसी का 1.01 प्रतिशत चढ़ा। टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक, बीईएल, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारती एयरटेल के शेयर भी हरे निशान में रहे। एचडीएफसी बैंक का शेयर गिरावट दर्ज की गयी। वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 1.15 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 0.98 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.50 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.13 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.65 प्रतिशत ऊपर था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App