विधानसभा पर चार पहरों का पहरा, मानसून सत्र आज से

By: Aug 21st, 2026 12:53 am

चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर, शिमला में तीन सितंबर तक चाक चौबंद रहेगी सुरक्षा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 21 अगस्त से 3 सितंबर तक चलने वाले विधानसभा सत्र के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र पर पैनी नजर रखी जाएगी। जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पुलिस कर्मी बिना पूर्व सूचना के अपने ड्यूटी स्थल से नहीं हटेगा। बचत भवन में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनुपम कश्यप ने कहा कि सत्र के दौरान सभी अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो। विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से चार सेक्टरों में बांटा गया है। सेक्टर-1 और 2 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के आंतरिक और बाहरी क्षेत्र की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह को दी गई है।

सेक्टर-3 में कैनेडी चौक से चौड़ा मैदान तक का जिम्मा हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा अधिकारी प्रवीर ठाकुर संभालेंगे। सेक्टर-4 की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर को सौंपी गई है। जिला दंडाधिकारी ने सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और कानून व्यवस्था से जुड़े हर पहलू पर विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए अधिकारी लगातार आपसी समन्वय बनाए रखें। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सेक्टर अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस ने तैयार की व्यापक सुरक्षा योजना

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि विधानसभा मानसून सत्र के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार कर ली गई है। संबंधित पुलिस अधिकारियों को विस्तृत जानकारी भी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा पर विशेष नजर रहेगी तथा कानून व्यवस्था बिगाडऩे की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सीआईडी के साथ भी बेहतर समन्वय रखा जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App