सुबाथू में पूर्व सैनिक से 20 लाख की ठगी, चंडीगढ़ में फ्लैट दिलाने के नाम पर शातिर ने लगाया चूना, छानबीन शुरू

By: Aug 25th, 2026 12:06 am

निजी संवाददाता-सुबाथू

चंडीगढ़ में फ्लैट दिलाने के नाम पर सुबाथू के पूर्व सैनिक नवीन थापा से 20 लाख रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पूर्व सैनिक ने कमांड हॉस्पिटल चंडी मंदिर में तैनात एसएचओ के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी सुबाथू सैनिक क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी निरीक्षण कार्य के सिलसिले में आते-जाता रहता है। सैनिक क्षेत्र में नवीन का फूड कॉर्नर है, जहां आरोपी काफी समय से आता जात रहता हैं। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ। नवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पहले उन्होंने चंडीगढ़ में फ्लैट खरीदने की इच्छा आरोपी से जाहिर की थी। इस पर उसने बताया कि उनका एक मित्र चंडीगढ़ में प्रॉपर्टी डीलर है और वह फ्लैट खरीदने में मदद कर सकता है। कुछ दिन बाद आरोपी ने फोन कर बताया कि उनका मित्र एक ऐसे व्यक्ति का फ्लैट बेच रहा है, जो कनाडा शिफ्ट हो रहा है। प्रॉपर्टी डीलर से मिलने के बाद उन्हें एक फ्लैट दिखाया गया। इसके बाद आरोपी ने पांच लाख रुपए टोकन मनी देने को कहा।

बजट कम होने पद उन्हें फाइनांस करवाने का भरोसा दिया। नवीन ने एसएचओ पर विश्वास करते हुए पांच लाख रुपए दे दिए। शिकायत के अनुसार इसके बाद आधार और पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज मांगे गए। कुछ समय बाद आरोपी ने नवीन से 20 लाख रुपए पूरे करने को कहा और बताया कि 40 लाख रुपए का लोन स्वीकृत हो गया है। आरोपी ने उन्हें 20 लाख रुपए का चेक सिक्योरिटी के तौर पर दिया और उनसे कुल 20 लाख रुपए ले लिए। पैसे लेने के बाद जब उन्होंने फ्लैट और दस्तावेजों को लेकर जानकारी मांगी, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। नवीन ने आरोप लगाया कि एसएचओ अब अपनी ड्यूटी से भी अनुपस्थित चल रहे हैं। चंडी मंदिर थाना में भी उनके खिलाफ पहले से धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने की बात सामने आई है। धर्मपुर थाना प्रभारी दिलीप तोमर ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत मिली है। मामला पहले से माननीय न्यायालय में विचाराधीन है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App