नई जूनियर क्रिकेट कमेटी की तलाश में बीसीसीआई, टीमों के चयन से लेकर टैलेंट स्काउटिंग तक होगी जिम्मेदारी
पांच पदों के लिए मांगे आवदेन, टीमों के चयन से लेकर टैलेंट स्काउटिंग तक होगी जिम्मेदारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने जूनियर क्रिकेट सिलेक्शन कमेटी के पांच पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। नई कमेटी अंडर-22 स्तर तक की भारतीय टीमों के चयन, युवा खिलाडिय़ों की प्रतिभा तलाशने और उन्हें तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी। उम्मीदवार पांच सितंबर, 2026 की शाम पांच बजे तक बीसीसीआई की ओर से जारी ऑनलाइन लिंक के जरिए आवेदन कर सकेंगे। मौजूदा जूनियर सिलेक्शन कमेटी के पांच साल का कार्यकाल खत्म होने वाला है। इसी वजह से बीसीसीआई ने नई कमेटी के गठन की प्रक्रिया शुरू की है। नई कमेटी के चयन में खिलाडिय़ों के चयन के साथ-साथ युवा क्रिकेटरों में नैतिक मूल्यों और सही खेल भावना को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।
जूनियर क्रिकेट कमेटी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी अंडर-22 स्तर तक की भारतीय टीमों का चयन करना होगी। कमेटी घरेलू और विदेशी दौरों के लिए खिलाडिय़ों का चयन करेगी। इसके साथ ही युवा प्रतिभाओं की पहचान करने और स्काउटिंग का काम भी कमेटी के जिम्मे रहेगा। कमेटी को जूनियर क्रिकेट के लिए पारदर्शी तरीके से खिलाडिय़ों का चयन करना होगा और उनके प्रदर्शन की समीक्षा भी करनी होगी। नई कमेटी की जिम्मेदारियों में युवा खिलाडिय़ों को ड्रग्स, सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग के खतरों के बारे में जागरूक करना भी शामिल किया गया है। बीसीसीआई के मुताबिक, कमेटी सीनियर और पूर्व खिलाडिय़ों के साथ बातचीत के जरिए युवा क्रिकेटरों में मजबूत नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देगी।
मौजूदा समिति में पांच सदस्य
नई कमेटी के लिए आवेदन इसलिए मांगे गए हैं, क्योंकि मौजूदा पांच सदस्यीय जूनियर सिलेक्शन कमेटी का पांच साल का कार्यकाल खत्म होने वाला है। मौजूदा कमेटी में एस शरत दक्षिण क्षेत्र, चेयरमैन, कृष्ण मोहन उत्तर क्षेत्र, रणदेब बोस पूर्व क्षेत्र, पथिक पटेल पश्चिम क्षेत्र और हरविंदर सिंह सोढ़ी मध्य क्षेत्र शामिल हैं।
योग्यता— जूनियर सिलेक्टर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का कम से कम 25 फस्र्ट क्लास मैच खेलना जरूरी है। इसके अलावा उम्मीदवार को क्रिकेट से संन्यास लिए हुए कम से कम पांच साल पूरे हो चुके होने चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
