आईआईटी बॉम्बे का बड़ा फैसला, अब नए पंजीकरण वालों को आठ साल में पूरी करनी होगी पीएचडी

By: Aug 25th, 2026 12:07 am

एजेंसियां— मुंबई

आईआईटी बॉम्बे ने पीएचडी करने वाले छात्रों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। संस्थान ने अब सभी नए रजिस्ट्रेशन के लिए पीएचडी प्रोग्राम की अधिकतम अवधि आठ साल तय कर दी है। यानी नए छात्र आठ साल के भीतर अपनी पीएचडी पूरी कर सकेंगे। संस्थान ने यह फैसला उन मामलों की समीक्षा के बाद लिया है, जिनमें कुछ छात्रों की पीएचडी 10 साल से भी ज्यादा समय तक लंबित रही। संस्थान के निदेशक शिरीष केदारे के मुताबिक, संस्थान ने चल रही पीएचडी की समीक्षा की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्रों को डिग्री पूरी करने में इतनी देरी क्यों हो रही है। इसके बाद इन समस्याओं को दूर करने और छात्रों को कम समय में पीएचडी पूरी करने पर काम किया गया।

संस्थान के मुताबिक, इस समीक्षा से लंबे समय से लंबित पीएचडी मामलों का बैकलॉग कम करने में भी मदद मिली। बता दें कि संस्थान की समीक्षा में पीएचडी पूरी होने में देरी के कई कारण सामने आए। इनमें सुपरवाइजर या गाइड का दूसरे प्रोजेक्ट्स में बिजी होना, छात्रों का दूसरी नौकरी में चले जाना, बाहरी उम्मीदवारों का पीएचडी प्रोग्राम छोड़ देना और कोविड-19 महामारी के कारण काम प्रभावित होना जैसी शामिल हैं। बता दें कि कुछ पीएचडी रजिस्ट्रेशन, तो 10 साल से भी ज्यादा समय से लंबित थे। आईआईटी बॉम्बे का 64वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान कुल 3763 डिग्रियां 3442 छात्रों को दी गईं। इनमें 1713 अंडरग्रेजुएट, 1430 पोस्टग्रेजुएट और 620 पीएचडी डिग्रियां शामिल हैं। ग्रेजुएट होने वाले छात्रों में 791 छात्राएं और 2651 छात्र हैं। दीक्षांत समारोह में 28 छात्रों को तीन साल की बैचलर ऑफ साइंस डिग्री भी मिली।

620 पीएचडी डिग्रियां दीं

रिपोर्ट के मुताबिक, शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में आईआईटी बॉम्बे ने 620 पीएचडी डिग्रियां प्रदान की हैं। यह संस्थान के इतिहास में एक साल में दी गई सबसे ज्यादा पीएचडी डिग्रियां हैं। निदेशक के मुताबिक, इससे पहले किसी एक साल में आईआईटी बॉम्बे ने 500 पीएचडी डिग्रियों का आंकड़ा भी पार नहीं किया था। रिपोट्र्स के मुताबिक इन 620 पीएचडी डिग्रियों में 77 केमिकल इंजीनियरिंग, 62 इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, 49 मैकेनिकल इंजीनियरिंग और 40 ह्यूमैनिटीज से संबंधित हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App