चरणगंगा में 75 लाख से आएगा निखार
शाहतलाई में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े पवित्र स्थल का होगा कायाकल्प, डीसी ने लिया जायजा
नगर संवाददाता-शाहतलाई
बाबा बालक नाथ जी की तपोभूमि शाहतलाई में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े पवित्र चरणगंगा स्थल का अब कायाकल्प होने जा रहा है। लंबे समय से सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे इस स्थल पर मंदिर न्यास करीब 75 लाख रुपये खर्च कर आधुनिक सुविधाएं विकसित करेगा। खास बात यह है कि योजना में महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी गई है, ताकि उन्हें स्नान और कपड़े बदलने के लिए खुले में जाने की मजबूरी न रहे। इसी को लेकर सोमवार को जिलाधीश एवं मंदिर न्यास आयुक्त राहुल कुमार ने मंदिर न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम झंडूता आर्शिया शर्मा, मंदिर न्यास प्रभारी एवं सहायक अभियंता विजय ठाकुर, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता, मंदिर न्यासियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ चरणगंगा स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद जिलाधीश राहुल कुमार ने प्रस्तावित योजना की सराहना करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने चैत्र मास मेले से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से शाहतलाई पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को नई सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस सौंदर्यीकरण में करीब 75 लाख रुपये की इस योजना के तहत चरणगंगा में 50 हजार लीटर क्षमता का पानी का टैंक बनाया गया। पानी की पर्याप्त आपूर्ति के लिए करीब पांच इंच मोटी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। महिलाओं के लिए स्नान करने और कपड़े बदलने की अलग तथा आधुनिक व्यवस्था तैयार की जाएगी। वहीं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए स्नान करने और हाथ-मुंह धोने की सुविधा के लिए स्वच्छ पानी का तालाब विकसित किया जाएगा, दोनों ओर साइड वॉल बनाई जाएंगी। इसके अलावा पूरे परिसर में 16 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे शाम और रात के समय भी श्रद्धालुओं को रोशनी की बेहतर सुविधा मिल सके। इस मौके पर मंदिर न्यासी पवन कौशल, शशिपाल शर्मा, परस राम, थाना प्रभारी सतपाल वालिया, शिवम चौधरी व जगदीश चंद सहित अन्य मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
