मणिपुर में फिर भडक़ी हिंसा भीड़ ने फूंक दिए कई घर, गोलीबारी में CRPF जवान घायल, हथियारों का जखीरा पकड़ा
एजेंसियां — इंफाल
मणिपुर के सेनापति और उससे सटे कांगपोकपी जिला के सीमावर्ती इलाकों में एक बार फिर हिंसा और गोलीबारी की गंभीर घटना सामने आई है। इस दौरान भीड़ ने कई घरों को आग के हवाले कर दिया और तोडफ़ोड़ की गई। उपद्रवियों की ओर से हुई गोलीबारी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का एक जवान घायल हो गया। तनाव को देखते हुए नगा जनजातीय संगठनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 2 (एनएच-2, इंफाल-दिमापुर) को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है, जिससे मणिपुर और नागालैंड के बीच सडक़ संपर्क प्रभावित हुआ है।
वहीं एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व में हथियारों, गोला-बारूद और सुरक्षा उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद किया। जानकारी के मुताबिक हिंसा की शुरुआत सोमवार तडक़े लगभग 2:40 बजे ताफू कुकी इलाके से हुई। ताफू कुकी इलाके में तडक़े एक घर को आग लगा दी गई। सुबह चार बजे के बाद 9 एमआर और मरैमई के आसपास के इलाकों में नगा समुदाय के लोगों के घरों को निशाना बनाने की खबर आई। हिंसा और गोलीबारी के दौरान सीआरपीएफ जवान घायल हो गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
