डमटाल के जंगल में मिली सड़ी-गली लाश
डमटाल हाई-वे के पास शव मिलने से हडक़ंप, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सुबूत
निजी संवाददाता- इंदौरा
थाना डमटाल के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप जंगल में गली-सड़ी अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की हालत को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यह काफी समय से जंगल में पड़ा हुआ था। शव की स्थिति खराब होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार डमटाल पुलिस को राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही डीएसपी इंदौरा संजीव कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की भी जांच की तथा शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। शव की हालत को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि मृतक जंगल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं हाल ही में किसी व्यक्ति के लापता होने की शिकायत तो दर्ज नहीं हुई है। शव की पहचान होने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
