दौलतपुर चौक में अब हफ्ते में दो दिन कटेंगे चालान

By: Aug 25th, 2026 12:02 am

मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और गलत पार्किंग पर कसेगा शिकंजा, बाजार को जाम से मिलेगी राहत, पुलिस ने कसी कमर

स्टाफ रिपोर्टर,दौलतपुर चौक
नगर पंचायत दौलतपुर चौक में अब ट्रैफिक व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। बाजार में बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक इंचार्ज एएसआई घनश्याम सिंह की अगुवाई में सप्ताह में दो दिन विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए जाएंगे। पुलिस की कार्रवाई के दायरे में बुलेट के पटाखा फोडऩे वाले मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट, रॉंग पार्किंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक रहेंगे।

बाजार में सडक़ के किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस की इस पहल से बाजार में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सडक़ें किसी की निजी पार्किंग नहीं हैं। बाजार में वाहनों को निर्धारित एवं उचित स्थान पर ही खड़ा किया जाए, ताकि पैदल चलने वाले लोगों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी न हो। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। वहीं पुलिस ने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का पालन जरूरी है। इसलिए सभी नियमों का पालन करें वरना सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दौरान चालान काटे गए और सख्त हिदायत दी दी गई।

25 चालान, बुलेट चालक पर 4000 रुपए जुर्माना

दौलतपुर चौक में सोमवार को गगरेट थाना की ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 वाहन चालकों के चालान किए। इनमें बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और प्रेशर हॉर्न लगाने वाले बुलेट चालक का 4000 रुपए का चालान भी शामिल है। ट्रैफिक इंचार्ज एएसआई घनश्याम सिंह की अगुवाई में चले इस अभियान के दौरान विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने और अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हडक़ंप मचा रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App