ई-मार्ट पर बिकेंगे हिमाचली उत्पाद

By: Aug 25th, 2026 12:01 am

विक्रमादित्य बोले, श्यामार्क ब्रांड से हिमाचल के ग्रामीण उत्पादों को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को शिमला में श्यामार्क ब्रांड का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस ब्रांड के माध्यम से हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों के व्यवसायियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की नई पहचान बनाने और व्यापक बाजार उपलब्ध करवाने का अवसर मिलेगा। मसाले, दालें, घी, सूखे मेवे, हस्तशिल्प सहित विभिन्न स्थानीय उत्पाद हिमाचल ई-मार्ट के माध्यम से ऑनलाइन बेचे जा सकेंगे। व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से प्रदेशभर के स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए देशभर में बाजार मिलेगा।

इससे शहरों में रहने वाले उपभोक्ताओं को गांवों के शुद्ध और स्थानीय उत्पाद उपलब्ध होंगे, जबकि उत्पादकों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कैंसर, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां बड़ी चुनौती बन रही हैं। ऐसे में जैविक और प्राकृतिक उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं को इनके स्वास्थ्यवर्धक गुणों की जानकारी देने का आग्रह किया। मंत्री ने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर विपणन पर विशेष ध्यान देकर समूह अपनी आय बढ़ा सकते हैं। इससे प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर उपमहापौर उमा कौशल, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App