ट्रालों की रफ्तार पर लगेगी लगाम, बद्रीपुर-पुरुवाला मार्ग पर नो-एंट्री
भाजपा युवा मोर्चा व स्थानीय लोगों ने एसडीएम से उठाया मुद्दा, पुलिस को निगरानी और कार्रवाई के निर्देश
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में लगातार हो रहे सडक़ हादसों और भारी वाहनों, विशेषकर ट्रालों की तेज रफ्तार को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कड़ा कदम उठाने की मांग की है। भाजपा युवा मोर्चा मंडल पांवटा साहिब के अध्यक्ष संयम गुप्ता और चरणजीत चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को एसडीएम द्विज गोयल से मुलाकात कर समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि ट्रालों की निर्धारित गति सीमा को सख्ती से लागू किया जाए तथा विशेषकर रात के समय पुलिस की नियमित चेकिंग और निगरानी बढ़ाई जाए।
साथ ही बद्रीपुर से जम्बू खाला-पुरुवाला मार्ग पर भारी वाहनों और ट्रालों की नो-एंट्री सख्ती से लागू करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि देवीनगर और पुरुवाला क्षेत्र में हाल के दिनों में ट्रकों और ट्रालों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। इनमें एक व्यक्ति की मौत के साथ कई घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम द्विज गोयल ने पुलिस प्रशासन को लिखित निर्देश जारी किए। उन्होंने बद्रीपुर-पुरुवाला मार्ग पर नो-एंट्री का सख्ती से पालन करवाने और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम का आभार जताया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
