आर प्रज्ञानंदा ने रचा इतिहास, ग्रैंड शतरंज टूर जीतने वाले बने पहले भारतीय
फाइनल में कारूआना 15-13 से हराए, 1.91 करोड़ प्राइज मनी मिली
एजेंसियां— सेंट लुइस
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने 2026 ग्रैंड चेस टूअर का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। वह जीसीटी का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। सेंट लुइस में खेले गए फाइनल में प्रज्ञानानंदा ने अमरीका के ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारूआना को 15-13 से हराया। इस जीत के साथ प्रज्ञानानंदा ने दो लाख डालर (लगभग 1.91 करोड़ रुपए) की प्राइज मनी अपने नाम की।
फाइनल मुकाबले के आखिरी दिन की शुरुआत में प्रज्ञानानंदा कारूआना से छह प्वाइंट पीछे चल रहे थे। हालांकि, उन्होंने दिन की शुरुआत में ही दोनों रैपिड गेम्स जीतकर अपनी स्थिति मजबूत की और स्कोर में बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद हुए ब्लिट्ज मैचों में दोनों खिलाडिय़ों का प्रदर्शन बराबरी का रहा, जिससे प्रज्ञानानंदा ने दो प्वाइंट की बढ़त बनाए रखी और 15-13 के अंतिम स्कोर के साथ पहली बार ग्रैंड चेस टूअर का खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में अमरीका के ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो ने जर्मनी के विंसेंट कीमर को 18-12 के अंतर से हराया। रैपिड सेक्शन में दोनों खिलाडिय़ों के बीच बराबरी का मुकाबला रहा, लेकिन वेस्ली सो ने लगातार चारों ब्लिट्ज गेम्स जीतकर एक मैच शेष रहते ही जीत तय कर ली।
2027 ग्रैंड चेस टूअर के लिए टॉप-3 खिलाड़ी क्वॉलिफाई
इस टूर्नामेंट के फाइनल नतीजों के साथ ही अगले सीजन यानी 2027 ग्रैंड चेस टूअर के लिए टॉप-3 खिलाडिय़ों ने डायरेक्ट क्वॉलिफाई कर लिया है। इन तीन खिलाडिय़ों में चैंपियन प्रज्ञानानंदा, रनरअप फैबियानो कारूआना और तीसरे स्थान पर रहने वाले वेस्ली सो शामिल हैं। टूर्नामेंट सिंगल-एलिमिनेशन नॉकआउट फॉर्मेट में खेला गया, जिसमें चार खिलाडिय़ों फैबियानो कारूआना, वेस्ली सो, विंसेंट कीमर और प्रज्ञानानंदा ने हिस्सा लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
