जोरावर टैंक से मजबूत होगा रिश्ता, मोदी बोले, परियोजना पर मिलकर काम कर रहे भारत-बेल्जियम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में कई महत्त्वपूर्ण समझौते (एमओयू) हुए। भारत और बेल्जियम गुरुवार को व्यापार, रक्षा, अहम खनिजों, स्वच्छ ऊर्जा और टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में अपना सहयोग काफी बढ़ाने पर सहमत हुए। समझौते के बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने साझा प्रेस कान्फ्रेंस की। प्रेस कान्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग हमारे संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ है और आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करना हमारी प्रतिबद्धता है। भारत और बेल्जियम के बीच रक्षा सहयोग के बीच पीएम मोदी ने खास तौर पर जोरावर टैंक परियोजना का जिक्र किया और कहा कि दोनों देश इस परियोजना पर मिलकर काम कर रहे हैं और इससे दोनों देशों का रिश्ता और मजबूत होगा। पीएम मोदी ने इसके साथ ही रक्षा क्षेत्र में सहयोग का दायरा और बढ़ाने पर भी जोर दिया।
मोदी ने बताया कि पिछली तिमाही में भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही और कहा कि देश की आर्थिक तरक्की दुनिया के लिए भरोसे और नए मौकों का जरिया है। वहीं, बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि नई दिल्ली और ब्रुसेल्स ऐसे रिश्ते बना रहे हैं जो पहले से कहीं ज़्यादा व्यापक और रणनीतिक हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्षों को जल्द खत्म करने और शांति लाने की सभी कोशिशों का समर्थन करते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
