एचआईवी संक्रमितों से भेदभाव खत्म करना सामूहिक जिम्मेदारी
उपायुक्त ने जागरूकता अभियान तेज करने और विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने के दिए निर्देश, 18 सितंबर से कृमि मुक्ति अभियान
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में शुक्रवार को एड्स सुरक्षा, जिला एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण समिति और जिला सामुदायिक संसाधन समूह की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जागरूकता गतिविधियों, जोखिम वाले समूहों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, परामर्श एवं जांच सेवाओं को प्रभावी बनाने तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को आवश्यक स्वास्थ्य और सामाजिक सहयोग उपलब्ध करवाने पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग और संस्थाएं आपसी समन्वय से जागरूकता कार्यक्रमों को और व्यापक बनाएं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों तक एचआईवी/एड्स से संबंधित सही और वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव और सामाजिक कलंक को समाप्त करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों को एचआईवी/एड्स से जुड़ी भ्रांतियों से बचना चाहिए और आवश्यकता पडऩे पर समय पर जांच एवं उपचार सेवाओं का लाभ लेना चाहिए।
बैठक में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (एनएसीओ) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों और संबंधित प्रतिनिधियों ने एड्स की रोकथाम, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव भी रखे। इस दौरान राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और एचपीवी टीकाकरण अभियान की तैयारियों एवं प्रगति की भी समीक्षा की गई। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का पहला चरण 18 सितंबर को आयोजित होगा। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा दी जाएगी। वहीं, 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी। नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को स्कूलों के माध्यम से तथा 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए अभियान में शामिल किया जाएगा। अभियान का संचालन स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से होगा। जिला में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 2,15,738 बच्चों को एल्बेंडाजोल देने तथा 1 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 51,660 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में 2,105 सरकारी और 450 निजी स्कूलों तथा 2,154 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
