रिज पर पंगा, सवारी को लेकर भिड़े टैक्सी ड्राइवर

By: Sep 12th, 2026 12:53 am

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला के रिज मैदान पर शुक्रवार को टैक्सी चालकों के दो पक्षों के बीच सवारी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिमला पुलिस हरकत में आई और मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस थाना सदर शिमला की ओर से यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की निवारक धाराओं के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर दिन शुक्रवार को रिज मैदान में कुछ व्यक्तियों द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना में शामिल दोनों पक्ष टैक्सी चालक हैं और उनके बीच सवारी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर रिज मैदान पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। रिज मैदान शिमला का प्रमुख सार्वजनिक और पर्यटन स्थल है, जहां दिनभर स्थानीय लोगों के अलावा बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद रहते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामे की घटना से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया।

पुलिस ने घटना में संलिप्त सभी सात व्यक्तियों को हिरासत में लेकर निवारक कार्रवाई की, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो और क्षेत्र में लोक शांति बनी रहे। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया था। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो के पुलिस के संज्ञान में आने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की और घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की। प्रारंभिक पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि टैक्सी चालकों के दोनों पक्षों के बीच सवारी को लेकर पहले से विवाद था। इसी विवाद को लेकर रिज मैदान में फिर से दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। विवाद बढऩे पर मारपीट की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, मारपीट में किस-किस व्यक्ति की क्या भूमिका रही।

एसएसपी गौरव सिंह बोले
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा है कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है। घटना से जुड़े तथ्यों, वीडियो और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बिगाडऩे या लोक शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App