बैंक हड़ताल से बीबीएन में ठप रहा कामकाज

By: Sep 12th, 2026 12:54 am

पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था, पेंशन पुनरीक्षण की मांग, निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने किया जोरदार प्रदर्शन
निजी संवाददाता-नालागढ
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर बीबीएन क्षेत्र में भी देखने को मिला। विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारियों ने कामकाज बंद रखकर लंबित मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) में भेदभाव समाप्त करने, पेंशन का पुनरीक्षण करने और लंबित मामलों का जल्द समाधान करने की मांग उठाई। एसबीआई एडीबी नालागढ़ के ब्रांच सेक्रेटरी नवनीत सिंह ने कहा कि जायज मांगों का लंबे समय से समाधान न होने के कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पीएलआई में सभी कर्मचारियों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। आकस्मिक कर्मचारियों के स्थायी समायोजन की मांग भी उठाई गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयकृत बैंकों ने देश के आर्थिक विकास और आम लोगों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। इनके निजीकरण के किसी भी प्रयास का कर्मचारी पुरजोर विरोध करेंगे। मांगों पर जल्द निर्णय न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन में पीएनबी से महेश कुमार व लाल चंद, एसबीआई से बलजिंद्र सिंह, साहिल कश्यप, निशा देवी, प्रवीण राणा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App