कुठाड़ में भाजपा ने निकाली रोष रैली, सरकार पर बोला हमला

By: Sep 12th, 2026 12:53 am

दून में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार का आरोप, सडक़ों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
प्रदेश सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और दून विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार के विरोध में भाजपा ने पट्टा ब्लॉक के कुठाड़ में रोष रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। दून भाजपा पट्टा मंडल के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार और दून विधायक राम कुमार चौधरी के खिलाफ नारेबाजी की। रैली की अगवाई पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी और प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के कोषाध्यक्ष हंसराज चंदेल ने की। पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने आरोप लगाया कि मौजूदा कार्यकाल में क्षेत्र में कोई बड़ा नया विकास कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय स्वीकृत और शुरू किए गए विकास कार्यों का श्रेय लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र की सडक़ों की खराब हालत पर चिंता जताते हुए कहा कि कई स्थानों पर टारिंग और मरम्मत का काम नहीं हो रहा है।

पहाड़ी क्षेत्रों में सडक़, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी लोग परेशान हैं। पम्मी ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें भुला दिया गया। भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों को हर मंच पर उठाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए आंदोलन जारी रखेगी। किसान मोर्चा के कोषाध्यक्ष हंसराज चंदेल ने कहा कि दून विधायक विकास के मोर्चे पर विफल रहे हैं। उन्होंने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने के चुनावी वादे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य स्नेह लता, पट्टा मंडल अध्यक्ष खेम चंद, मंडल महामंत्री नरेंद्र बबलू, प्रेम कोंडी, पंचायत प्रधान पवन गुप्ता, ललित वर्मा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनिल ठाकुर, पूर्ण चंद गुप्ता, रोशन लाल, जय सिंह ठाकुर, पूर्व पंचायत प्रधान नीलम ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्ष अंजुला भंडारी, पवन शर्मा, अनिल शर्मा, महेंद्र सिंह और युवा मोर्चा अध्यक्ष कपिल शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App