पीएम का सेवाकाल, देश का स्वर्णिम काल, पीएम मोदी के जन्मदिन पर नाहन-रेणुकाजी में बोले जयराम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नाहन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का प्रेरणादायी जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, तकनीक, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण परिवर्तन देखे हैं। नरेंद्र मोदी का सेवाकाल देश के विकास और परिवर्तन का महत्त्वपूर्ण कालखंड रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जयराम ठाकुर ने नाहन और रेणुका जी में विविध कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर नाहन के काली स्थान मंदिर में उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए पूजा-अर्चना एवं हवन किया। इसके पश्चात ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत हिंदू आश्रम में आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लिया।
इस अवसर पर श्रीरेणुकजी में पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पौधारोपण भी किया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि नरेंद्र मोदी की राजनीतिक विरासत केवल सरकार चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह करोड़ों भारतीयों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली नीतियों और योजनाओं से निर्मित हुई है। भारत की वैश्विक मंच पर बढ़ती भूमिका नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की महत्त्वपूर्ण विशेषताएं हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, बलदेव तोमर, धीरज गुप्ता नारायण सिंह आदि पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
