हिम विरासत के रंग में रंगेगा आईटीएचएम
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट (आईटीएचएम) में विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में 18 से 26 सितंबर तक पर्यटन सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष इसकी थीम ‘हिम विरासत—जहां विरासत जीवंत है, संस्कृति जुड़ती है और पर्यटन सतत बनता है’ रखी गई है। सप्ताह में खेल, क्विज, चित्रकला, मॉडल निर्माण, उद्यमिता, लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 18 से 21 सितंबर तक पर्यटन प्रीमियर लीग में क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकशी, बैडमिंटन, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताएं होंगी। 23 सितंबर को औपचारिक उद्घाटन के साथ ‘द स्पॉटलाइट ओपन माइक’ होगा, जिसमें कहानी वाचन, कविता और संगीत प्रस्तुतियां होंगी।
24 सितंबर को पर्यटन क्विज, चित्रकला, मॉडल निर्माण और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 25 सितंबर को उद्यमिता दिवस पर कॉलेज क्विज, स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक कला प्रदर्शन और एआई आधारित लघु फिल्म जैसी गतिविधियां होंगी। 26 सितंबर को लोकनृत्य प्रतियोगिता और मेगा सांस्कृतिक संध्या मुख्य आकर्षण रहेगी। इसमें कुल्लवी, किन्नौरी और लाहौली नाटी, पारंपरिक मॉडलिंग, सांस्कृतिक स्किट और जाम सेशन के जरिए हिमाचली संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद भवन में होंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
